लखनऊ ,29 नवंबर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना महिंगवा पुलिस टीम ने शनिवार को सरस्वति विद्या मंदिर स्कूल ग्राम पंचायत कुम्हरांवां और ग्राम चतुर्पुर में महिलाओं तथा छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।पुलिस आयुक्त लखनऊ अमरेंद्र कुमार सेंगर के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना है। जनपद के सभी 54 थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे पुलिस सहायता हर जरूरतमंद तक शीघ्र पहुंच सके।थाना महिंगवा की महिला उपनिरीक्षक प्रिया बाजपेई और उपनिरीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—112, 1090, 181, 1076 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930—की जानकारी दी। इसके साथ ही साइबर अपराध से बचाव, यूपी कॉप एप के उपयोग, महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया गया।कार्यक्रम में लगभग 30 से 40 महिलाएं शामिल हुईं। पुलिस कर्मियों ने बालिकाओं की शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए अभिभावकों को बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। वहीं सरकारी योजनाओं, सुरक्षा उपायों और महिला अधिकारों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय को महिला सुरक्षा के प्रति सचेत करना, साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों से अवगत कराना और महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति 5.0 केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक व्यापक प्रयास है, जिसके माध्यम से नारी सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।महिंगवा पुलिस की यह पहल ग्रामीण समुदाय में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है। यह अभियान प्रदेश में भयमुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

