मेरठ,29 नवंबर (आरएनएस)। बाईपास स्थित एक यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र गोपेश कृष्ण ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
गोपेश कृष्ण पुत्र पुत्र उदल सिंह निवासी मकान नंबर 8, डिफेंस कंपाउंड, संगम सिटी रोड, कोयल, जिला अलीगढ़ मेरठ बाईपास स्थित यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र था। शनिवार दोपहर बाद गोपेश कृष्ण ने हॉस्टल के अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
दोपहर बाद साथी छात्रों ने किसी काम के लिये कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद हॉस्टल प्रशासन और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे को खोला गया तो गोपेश फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आ रही है, मगर कोई कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है। जानकारी मिलने पर परिजन भी रोते-बिलखते आ गए।
मृतक के पिता उदल सिंह, वर्तमान में आरआई निरीक्षक के पद पर जनपद मुजफ्फरनगर में तैनात हैं। जानी पुलिस ने कमरे की फोरेंसिक जांच कर छात्र का मोबाइल और अन्य सामान कब्जे में ले लिया है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। उधर, यूनिवर्सिटी परिसर में इस दर्दनाक घटना के बाद छात्रों में गम का माहौल है। छात्र प्रशासन से सुरक्षा और काउंसलिंग सुविधाओं को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस घटना को लेकर की गंभीरता से छात्र के दोस्तों, रूम पार्टनर और फैकल्टी से जानकारी जुटा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

