—- जिला समन्वयक ने कहा बालिकाओं को सुरक्षा, हाइजीन व सशक्तिकरण कार्यक्रमों से जोड़ा जाए।
—- कक्षा आधारित शिक्षण, दक्षता मूल्यांकन व समयबद्ध अद्यतन को अनिवार्य बताया।
कुशीनगर, 29 नवम्बर (आरएनएस)। जनपद के दुदही विकास खंड के धर्मपुर पर्वत न्याय पंचायत स्थित कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर में बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक बालिका शिक्षा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने बालिका हितकारी योजनाओं की प्रगति जानी व रानी लक्ष्मीबाई आत्म रक्षा प्रशिक्षण की स्थिति का अवलोकन किया।
जिला समन्वयक पंकज गौतम ने छात्राओं से संवाद में बताया कि आत्मरक्षा, सुरक्षा, हाइजीन व सशक्ति करण आधारित गतिविधियां आत्मविश्वास बढ़ाती है। सीखने की निरंतरता को मजबूत बनाती रही हैं। उन्होंने कहा कि जब बालिकाएं विद्यालयी कार्यों में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाती हैं तो उनकी सहभागिता व उपलब्धि दोनों में स्पष्ट सुधार दिखाई देता है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अभ्यास, अनुशासन व विद्यालय समय का पूरा उपयोग करने की अपेक्षा की। डीसी ने शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कक्षाओं की तैयारियों, शिक्षण प्रक्रिया, एमडीएम व्यवस्था, शिक्षण सहायक सामग्री, कंपोजिट ग्रांट के उपयोग, छात्र उपस्थिति व विद्यालय परिसर की समग्र स्वच्छता का व्यापक मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में उपलब्ध संसाधनों की स्थिति, टीएलएम के उपयोग व बालिकाओं के लिए अलग से उपलब्ध सुविधाओं को भी परखा। विद्यालय स्टाफ से कहा कि सक्रिय, स्वच्छ व अनुशासित वातावरण से सीखने की गति स्वाभाविक रूप से बढ़ती है। उन्होंने कक्षा केंद्रित शिक्षण, दक्षता आधारित मूल्यांकन व निपुण भारत के लक्ष्यों को योजनाबद्ध रूप से हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षण योजना, अध्यापक उपस्थिति, कक्षा अवलोकन व बच्चों की प्रगति रिपोर्टिंग की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। निरीक्षण के अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय की प्रगति का सटीक प्रतिबिंब तभी मिलता है। जब प्रविष्टियां समय पर दर्ज हों व रिपोर्टिंग व्यवस्थित हो। उन्होंने बताया कि विद्यालय वातावरण जितना सक्रिय होगा, सीखने के परिणाम उतने ही स्पष्ट दिखाई देंगे। इस दौरान शिक्षक धनन्जय मिश्र, नन्हे प्रसाद, ब्रजेश सिंह, अनिता कुशवाहा व छात्र विकास चौहान, सूरज, नीतेश, ज्योति, अन्नू, बंधन, नीलू, निभा, रानी, ललिता, मधु आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

