सुल्तानपुर,29 नवंबर (आरएनएस)। लखनऊ-वाराणसी हाईवे एनएच-56 पर स्थित होटल में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया,जब शराब के नशे में धुत छह-सात युवकों ने वेटर और मैनेजर पर जमकर उत्पात मचाया। पानी की बोतलों में शराब पीने से मना करने पर आरोपियों ने वेटरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और मैनेजर की जेब से 9,446 रुपये भी लूट लिए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कोतवाली देहात क्षेत्र में स्थित मोटल के मैनेजर रोहित पाण्डेय, निवासी हिन्दूपुर बहौला जौनपुर ने तहरीर में बताया कि रात करीब 10:30 बजे होटल में एक बड़ा प्रोग्राम चल रहा था। सैकड़ों लोग खाना खा रहे थे। तभी होटल में मौजूद मनीष रावत गोलाघाट, भूपेन्द्र पाण्डेय जंगलिया,कादीपुर, सर्वेश मिश्रा फेरई के पुरवा, अवधेश पाण्डेय, सीटू पाण्डेय पीढ़ी के पास, ऋषि सिंह उर्फ गब्बर जासापारा और अनीश पण्डित धनपतगंज ने पानी की बोतलों में शराब भरकर पीनी शुरू कर दी। वेटर द्वारा मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जब मैनेजर ने समझाने की कोशिश की, तो सभी ने मिलकर लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में मैनेजर रोहित और कर्मचारी प्रमोद घायल हुए। इसी दौरान मैनेजर की जेब से नकदी गायब हो गई। जाते-जाते हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से दहशत में आए सभी ग्राहक खाना छोड़कर होटल से बाहर भागने लगे, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुक्रवार सुबह पीडि़त मैनेजर ने कोतवाली देहात में सभी आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, लूट और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाल अखंड देव मिश्रा ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

