सुलतानपुर,29 नवंबर (आरएनएस)। कोतवाली देहात क्षेत्र के उचहरा गांव के पाठक पुरवा के पास एक बाग में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने एक दूधवाले का शव देखा। मृतक की पहचान भपटा निवासी गपोली उर्फ शिवकुमार (45) के रूप में हुई है। परिजनों ने शिवकुमार की हत्या की आशंका जताई है।
शिवकुमार गुप्ता उर्फ गपोली मूल रूप से भपटा गांव का निवासी था, लेकिन वह हनुमानगंज गांव के असई चौराहे पर मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रहता था। उसका शव पाठक पुरवा गांव के पास बाग में मिला। परिजनों के अनुसार, शिवकुमार रविवार रात अपने घर के बरामदे में सो रहा था। रात करीब 12 बजे उसके मोबाइल पर एक फोन आया, जिसके बाद वह अपनी बाइक लेकर घर से निकल गया। सुबह जब वह मच्छरदानी में नहीं मिला, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर भपटा गांव और पाठक पुरवा गांव के बीच स्थित एक बाग में सोमवार सुबह शिवकुमार का शव मिला। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। शिवकुमार असई चौराहे पर अपने घर पर किराना, बर्तन और फल की दुकान भी चलाता था, जिसकी देखरेख उसकी पत्नी करती थी। मुख्य रूप से वह दूध बेचने का काम करता था और बाइक से दूध की आपूर्ति करता था। शिवकुमार के बड़े भाई अशोक गुप्ता एक शिक्षा मित्र हैं। शिवकुमार हनुमानगंज के एक स्वयं सहायता समूह का भी सदस्य था, जहां से उसने ऋण लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। देहात कोतवाल अखंडदेव ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

