जौनपुर 30 नवंबर (आरएनएस )। रामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण का प्रयास विफल हो गया। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से आरोपी को पकड लिया गया, जिसे बाद में जेल भेज दिया गया। यह घटना नगर पंचायत रामपुर के वार्ड नंबर-1 में हुई। वार्ड नंबर-1 के सभासद सनोज कुमार ने रामपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी भतीजी घर के पास खेल रही थी, तभी एक संदिग्ध युवक उसे उठाकर भागने लगा। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गए और पीछा कर कुछ दूरी पर युवक को पकड लिया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज कुमार गौड उर्फ लवकुश, पुत्र शिवकुमार गौड निवासी ग्राम जीतापुर बनीडीह, थाना रामपुर, जौनपुर बताया। आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी कर बच्ची को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

