लखनऊ 30 नवंबर (आरएनएस ) के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में काम के दौरान हुए एक भीषण हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। 27 नवंबर 2025 की रात करीब 11 बजे जब पुलिस को घटना की सूचना मिली तो टीम तुरंत आरपी लान, लाल मस्जिद के पास, हरदोई रोड, बालागंज पहुंची। वहां मौजूद लोगों से पता चला कि प्रदीप उर्फ दिन्नू (बावर्ची), निवासी मल्लपुर पूड़ी तलते समय अचानक फिसलकर उबलते तेल की बड़ी कड़ाही में जा गिरे। हादसा इतना गंभीर था कि आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें बाहर निकाला।पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर झुलसे प्रदीप को उसके साथी पंकज कश्यप के साथ ट्रामा सेंटर भेजा और परिजनों को सूचना दी। कुछ देर बाद प्रदीप के बड़े भाई दिलीप भी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों ने युवक को गंभीर हालत में गांधी वार्ड (सर्जरी विभाग) में भर्ती कर उपचार शुरू किया। अगले दो दिनों तक पुलिस लगातार प्रदीप के भाई से संपर्क कर उसकी स्थिति की जानकारी लेती रही, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।आखिरकार 29 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे अस्पताल से यह दुखद सूचना मिली कि प्रदीप का इलाज के दौरान निधन हो गया है। पुलिस टीम तुरंत ट्रामा सेंटर पहुंची और नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मेहनत-मज़दूरी कर जीवन यापन करने वाला युवक कामकाज के दौरान ही ऐसा हादसे का शिकार हो जाएगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। परिवार और आसपास के लोग घटना से स्तब्ध हैं और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

