जिलाधिकारी ने एसआईआर कार्यक्रम के सम्बंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
प्रयागराज 30 नवंबर (आरएनएस )। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने रविवार को संगम सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के सम्बंध में बैठक की। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 56 प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र बी0एल0ओ0 द्वारा संग्रह कर डिजीटाइज कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि एसआइआर के कार्य में जो भी समस्या आ रही है, उसके बारे में जानकारी दें, जिससे कि उस समस्या का निराकरण शीघ्रता से निराकरण कराया जा सके। उन्होंने पार्टी प्रतिनिधियों से कहा कि शहर उत्तरी, दक्षिणी एवं पश्चिमी में कार्य की प्रगति कम है। उन्होंने सभी सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है। कहा कि जिन बूथों में डिजीटाईजेशन प्रतिशत कम है वहां पर अतिरक्त नोडल अधिकारियों, जोनल अधिकारियों एवं नगर निगम की टीम को सम्बन्धित ई0आर0ओ0 के साथ लगायी गयी है।
जिलाधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि गणना प्रपत्रों के डिजीटाईजेशन हेतु कुछ ही दिन शेष हैं। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेण्टों को अपने स्तर से सक्रिय करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसको निर्धारित समयावधि में प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाना है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती पूजा मिश्रा, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

