एयरपोर्ट पुलिस ने 3 सहयोगियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
प्रयागराज 30 नवंबर (आरएनएस )। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई भूमाफिया जयप्रकाश दुबे उर्फ जे.पी. दुबे और उसके तीन सहयोगियों के खिलाफ की है। इन पर किसानों की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, रंगदारी और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है।
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह को 12 नवंबर को गश्त के दौरान गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, जे.पी. दुबे ने अपने करीबी विकास पासी और भइयालाल के साथ मिलकर एक गिरोह बना रखा है, जो लंबे समय से अवैध प्लॉटिंग, सरकारी जमीनों पर कब्जा, रंगदारी, मारपीट, गाली-गलौज और हत्या के प्रयास जैसे अपराधों को अंजाम दे रहा था। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि मुख्य आरोपी जयप्रकाश दुबे, विकास पासी और भइया लाल के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बीएनएस की धारा 324(4), 351(2), 352, 329(3), 117(2), शहरी नियोजन एवं विकास अधिनियम और स्ष्ट/स्ञ्ज एक्ट के तहत मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का आतंक इतना अधिक है कि स्थानीय लोग इनके खिलाफ शिकायत या गवाही देने से डरते हैं। थाना प्रभारी ने गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए गैंगचार्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा था। 29 नवंबर को अनुमोदन मिलने के बाद, तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 2/3 (1) गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

