अल्मोड़ा 1 दिसंबर (आरएनएस)। कोतवाली द्वाराहाट की पुलिस टीम ने सोमवार को डिग्री कॉलेज द्वाराहाट में नशा मुक्ति और विभिन्न अपराधों से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के जनपदभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने संबंधी निर्देशों के तहत आयोजित किया गया। महिला उप निरीक्षक मीना आर्या ने एंटी ड्रग समिति डिग्री कॉलेज द्वाराहाट के सहयोग से छात्र-छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने साथियों को भी इसके प्रति सचेत रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और स्टाफ को नशा न करने की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस टीम ने इसके साथ ही साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्टिंग जैसी नई प्रकार की धोखाधड़ी, महिला उत्पीडऩ से संबंधित अपराध, मानव तस्करी, यातायात नियमों, गौरा शक्ति ऐप, महिला एवं बाल सुरक्षा कानूनों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्डलाइन 1098 और आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 के उपयोग की विस्तार से जानकारी देकर छात्रों को सतर्क और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

