रुद्रपुर 1 दिसंबर (आरएनएस)। सिरौली में जिला विकास प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे अभियान के विरोध में किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ रुद्रपुर कलेक्ट्रेट में डीएम नितिन सिंह भदौरिया से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अभियान पार्टी और नेता विशेष के इशारे पर चलाया जा रहा है। विधायक ने प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सिरौलीवासियों की समस्याओं से अवगत कराया। बीते गुरुवार से जिला विकास प्राधिकरण, राजस्व, पुलिस, ऊर्जा निगम और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम सिरौली में भूमि एवं भवनों का सत्यापन कर रही है। अभियान में बड़ी संख्या में स्टांप पर खरीदी गई भूमि पर बने भवन और बिना नक्शे के निर्माण पाए गए हैं। कई भवनों को सील किया गया है और बिजली कनेक्शन भी काटे गए हैं। इससे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। विधायक बेहड़ ने डीएम से शिकायत करते हुए कहा कि प्रशासन समुदाय विशेष को निशाना बनाकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहा है। रजिस्ट्री व दाखिल खारिज होने के बावजूद केवल नक्शा पास न होने पर ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई न्यायोचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण को पहले नोटिस अवधि देकर लोगों को मानचित्र पास कराने का अवसर देना चाहिए। भवनों के बिजली मीटर उखाडऩे की कार्रवाई पर रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिलेभर में भूमि खरीद–फरोख्त होती है, लेकिन प्रशासन ने केवल सिरौली को ही टारगेट किया है। भवनों के निर्माण के समय अधिकारियों ने संज्ञान क्यों नहीं लिया, यह भी उन्होंने सवाल उठाया। वार्ता के दौरान प्राधिकरण के सचिव पंकज उपाध्याय, दर्शन कोली, राजेश प्रताप सिंह, सईदुल रहमान, दानिश मलिक, एनयू खान और रिजवान अंसारी सहित कई लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

