कुआलालंपुर,03 दिसंबर। विमान हादसों की कड़ी में मलेशिया का एमएच370 विमान हादसा एक आश्चर्यजनक मामला है, जिसमें विमान आसमान से अचानक लापता हो गया था। विमान हादसे के एक दशक बाद भी अभी तक कोई साफ जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में इसकी जांच दोबारा से शुरू की जाएगी। मलेशियाई अधिकारियों ने कहा है कि मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान संख्या एमएच370 के मलबे की खोज 30 दिसंबर को फिर से शुरू होगी। हादसे के समय विमान में 239 लोग सवार थे।
विमान की खोज इस साल मार्च में शुरू हुई थी, लेकिन खराब मौसम के कारण उसे स्थगित कर दिया गया था। अब नई सिरे से खोज 55 दिन चलेगी। मलेशिया के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि ओशन इन्फिनिटी कंपनी इस खोज का नेतृत्व करेगा। अगर मलबा नहीं मिला तो वह कोई शुल्क नहीं लेगा। परिवहन मंत्री लोके सियु फूक ने बताया कि अगर मलबा मिल जाता है, तो कंपनी को 7 करोड़ डॉलर दिए जाएंगे।
8 मार्च, 2014 को मलेशिया एयरलाइंस का बोइंग 777 विमान उड़ान संख्या एमएच370 ने रात में कुआलालंपुर से बीजिंग के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन 1 घंटे बाद लापता हो गई। उड़ान का हवाई यातायात नियंत्रण से संपर्क टूट गया और रडार ने दिखाया कि यह अपने मूल मार्ग से भटक गया था। यह विमान दुर्घटना अब भी विमानन जगत के सबसे बड़े रहस्यों में एक है, जो विमान में सवार 239 लोगों के परिवारों को परेशान करती रहती है।
जांच के दौरान अनुमान लगाया गया था कि विमान के पायलट ने जानबूझकर विमान को नीचे गिराया था या उसे अपहृत किया था। एक जांच में विमान के नियंत्रण के हेरफेर की बात सामने आई थी। हालांकि, इसका मलबा अभी तक नहीं मिला है।
००

