नई दिल्ली 4दिसंबर 2025 (आरएनएस) देशभर में इस बार मानसून ने कुछ ऐसा रंग दिखाया कि रिकॉर्ड टूट गए और नदियाँ-नाले छलक उठे। मानसून विदा हुआ तो लगा अब ठिठुरन का दौर शुरू होगा, लेकिन मौसम ने फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 4 और 5 दिसंबर के लिए नई चेतावनियां जारी की हैं—कहीं बारिश, कहीं ठंड का जोर।
केरल में फिर बरसेंगे बादल
IMD के मुताबिक केरल में मौसम एक बार फिर गड़बड़ा गया है। 4 और 5 दिसंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिलचस्प बात ये है कि मानसून सबसे पहले केरल में ही दस्तक देता है, और अब दिसंबर में भी वहां बारिश का असर थमने का नाम नहीं ले रहा।
इन राज्यों में भी भीगने का तैयार रहें
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई इलाकों के लिए चेतावनी दी है।
कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, यनम, रायलसीमा और माहे में आज और कल भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिन इलाकों में सूखे की चिंता थी, वहां अब बादल बरसने को तैयार हैं।
राजस्थान में बदलेगा मौसम का मूड
उधर, राजस्थान में मानसून ने इस बार दिल खोलकर बरसात दी, लेकिन अब पारा नीचे जाने लगा है। IMD का कहना है कि 4 और 5 दिसंबर को रात और सुबह के तापमान में गिरावट आएगी। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन ठंडी हवाएं सर्दी का एहसास बढ़ा देंगी।
कुल मिलाकर, दिसंबर की शुरुआत मौसम के बदलते मिजाज के नाम—दक्षिण में बारिश, उत्तर-पश्चिम में ठंड। IMD की चेतावनी साफ है: छाता भी साथ रखें और गर्म कपड़े भी।

