वाशिंगटन,04 दिसंबर। अमेरिका के आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन विभाग ने गुरुवार को एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसे संदिग्ध आतंकवादी बताया जा रहा है। होमलैंड सुरक्षा विभाग ने बताया कि आरोपी को राजधानी वाशिंगटन डीसी से कुछ दूरी पर पकड़ा गया है। उसकी पहचान जान शाह सफी के रूप में हुई है। विभाग ने एक्स पर बताया कि आरोपी बिना जांच के अमेरिका आया था और इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया-खोरासान को मदद करता था।
विभाग ने एक्स पर लिखा कि आरोपी सफी ने अपने पिता को भी हथियार दिए थे, जो अफगानिस्तान में एक मिलिशिया ग्रुप का कमांडर है। विभाग ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिकी इतिहास के सबसे बुरे नेशनल सिक्योरिटी संकटों में से एक पैदा किया है। विभाग ने लिखा, बाइडेन ने लगभग 1.90 लाख अफगानियों को आने दिया, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जनवरी से संकट को खत्म कर रहे हैं।
वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास एक अफगान नागरिक रहमानुल्लाह द्वारा 2 नेशनल गार्ड्स पर गोलीबारी के बाद अमेरिका में सख्ती बढ़ गई है। गोलीबारी में एक गार्ड की मौत हो गई। राष्ट्रपति ट्रंप ने अफगानिस्तान के नागरिकों का आव्रजन तुरंत रोक दिया है और इसकी समीक्षा करने का आदेश दिए हैं। ट्रंप प्रशासन अमेरिका में करीब 30 देशों पर यात्रा प्रतिबंध की तैयारी कर रहा है, जबकि अभी 19 देशों पर यह प्रतिबंध पहले से लगा हुआ है।
००

