0-आतंकवाद के खिलाफ मिला रूस का साथ
नईदिल्ली,05 दिसंबर (आरएनएस)। दिल्ली के 2 दिवसीय दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को तोहफा दिया है। दोनों देशों के बीच 30 दिन के लिए पर्यटन वीजा पर सहमति बनी है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुतिन के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। मोदी ने कहा, मुझे खुशी है कि शीघ्र ही हम रूसी नागरिकों के लिए निशुल्क 30 दिनों का ई-पर्यटन वीजा और 30 दिवसीय समूह पर्यटन वीजा की शुरुआत करने जा रहे हैं।
ई-पर्यटन वीजा के तहत लोगों को घर बैठे ही आसानी से वीजा मिल जाता है। इसके लिए पहले शुल्क लगता था, जो अब रूसी नागरिकों के लिए पूरी तरह फ्री होगा। इसके तहत ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अपने सभी दस्तावेज जमा करने होते हैं और 24 से 72 घंटे में ई-वीजा मिल जाता है। इसी तरह समूह में भारत आने वाले रूसी नागरिकों को भी मुफ्त में और आसानी से वीजा मिल जाएगा।
मोदी ने आगे कहा, आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में भारत और रूस ने लंबे समय से कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया है। पहलगाम में हुआ आतंकी हमला हो या क्रोकस सिटी हॉल पर किया गया कायरतापूर्ण आघात। इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है। भारत का अटल विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा प्रहार है और इसके विरुद्ध वैश्विक एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताक़त है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

