नईदिल्ली,05 दिसंबर (आरएनएस)। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हैदराबाद हाउस में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आतंकवाद को कड़ा संदेश दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया और कहा कि भारत और रूस दोनों आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। मोदी ने मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल हमले को भी याद कर कहाकि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा हमला है।
संयुक्त बयान में मोदी बोले, आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में भारत और रूस ने लंबे समय से कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया है। पहलगाम में हुआ आतंकी हमला हो या क्रोकस सिटी हॉल पर किया गया कायरतापूर्ण आघात, इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है। भारत का अटल विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा प्रहार है और इसके विरुद्ध वैश्विक एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
पहलगाम के बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने धर्म पूछकर 26 पर्यटकों को गोली मार दी थी, जिसमें सभी पुरुष थे। इसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ऑपरेशन सिंदूर के तहत निशाना बनाया। क्रोकस हमला 22 मार्च, 2024 को हुआ था, जिसमें काले कपड़ों में 4 हथियारबंद आतंकवादियों ने हॉल में मौजूद 6,200 लोगों पर गोलीबारी की थी। हमले में 145 लोग मारे गए, जिसकी जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट खुरासान ने ली थी।
००

