दमिश्क/दुमैर,05 दिसंबर। अमेरिका की सेना ने 19 अक्टूबर की रात सीरिया के दुमैर शहर में छापेमारी की थी। इस छापेमारी का मकसद इस्लामिक स्टेट के एक बड़े अधिकारी को पकडऩा था। खालिद अल-मसूद नाम का वह शख्स अमेरिकी फौजियों की गोलीबारी का निशान बन गया लेकिन परिवारजनों और सीरियाई अधिकारियों के मुताबिक, जिस शख्स को मारा गया वह आईएसआईएस का आदमी नहीं था, बल्कि कई सालों से इस्लामिक स्टेट के खिलाफ अंडरकवर एजेंट के रूप में खुफिया जानकारी जुटा रहा था। खालिद के रिश्तेदारों का कहना है कि वह पहले अहमद अल-शरआ की अगुवाई वाली बागी तंजीम हयात तहरीर अल-शाम यानी कि एचटीएस के लिए काम करता था, जो अल-कायदा से जुड़ी रही है लेकिन आईएसआईएस की दुश्मन है।
बशर असद की सत्ता जाने के बाद खालिद अंतरिम सरकार के जनरल सिक्योरिटी डिपार्टमेंट में तैनात था और दक्षिणी रेगिस्तान (बदिया) में इस्लामिक स्टेट के खिलाफ जासूसी कर रहा था। दुमैर के लोग बताते हैं कि रात करीब 3 बजे भारी गाडिय़ों और हेलीकॉप्टरों की आवाज से नींद टूटी। उन्हें एक हमवी दिखी जिस पर अमेरिकी झंडे लगे थे। खालिद के चचेरे भाई अब्दुल करीम मसूद ने बताया, दरवाजा खोला तो सामने हमवी खड़ी थी। ऊपर बैठा अमेरिकी सैनिक टूटी-फूटी अरबी में चिल्लाया और ग्रीन लेजर से निशाना बनाकर अंदर जाने को कहा। खालिद की मां सबाह अल-शेख अल-किलानी ने रोते हुए कहा, उन्होंने मेरे बेटे के घर को घेर लिया। दरवाजा पीटा। खालिद ने चिल्लाकर कहा कि वह जनरल सिक्योरिटी का है, लेकिन वे दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और गोली मार दी।
खालिद की मां ने कहा, वे जख्मी हालत में खालिद को ले गए। बाद में सरकारी अफसरों ने कहा कि वह अस्पताल में है, उसे रिहा कर दिया है। फिर फोन आया कि लाश ले जाओ। कब मरा, कैसे मरा, कुछ पता नहीं। मैं चाहती हूं कि जिसने मेरे बेटे को उसकी 5 मासूम बच्चियों से छीना, उसे सजा मिले। परिवार का मानना है कि सीरियन फ्री आर्मी के कुछ लोगों ने गलत या जानबूझकर गलत जानकारी अमेरिकियों को दी। एसएफए पहले असद के खिलाफ लड़ती थी, अब अंतरिम रक्षा मंत्रालय के अधीन है। एसएफए के प्रतिनिधियों ने इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया। सीरिया के 3 अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर पुष्टि की कि खालिद अंतरिम सरकार के लिए काम कर रहा था और आईएसआईएस के खिलाफ ऑपरेशन में लगा था।
लंदन की संस्था एयरवॉर्स ने बताया कि 2020 से अब तक गठबंधन के 52 हमलों में आम नागरिक मारे गए या घायल हुए। खालिद अल-मसूद को भी उन्होंने आम नागरिक माना है। 2023 में भी अमेरिका ने ड्रोन हमले में अल-कायदा लीडर मारने का दावा किया था, बाद में पता चला कि मारा गया शख्स सिर्फ एक किसान था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि कई बार दुश्मन गुट आपस के झगड़ों में अमेरिका को इस्तेमाल करते हैं और गलत जानकारी देकर अपने विरोधियों को निशाना बनवाते हैं। अब सबकी निगाह इस बात पर है कि क्या नई सीरियाई सरकार और अमेरिका के बीच सीधी हॉटलाइन बनेगी, ताकि आगे ऐसी गलतियां न हों।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

