नईदिल्ली,06 दिसंबर (आरएनएस)। दिसंबर के पहले सप्ताह की शुरुआत उत्तर भारत में ठंड का कहर बढऩे लगा है। ज्यादातर शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है, जिससे कंपकंपी छूटने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 6 और 7 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। साथ ही कानपुर, लखनऊ, दिल्ली, आगरा, शिमला, नैनीताल, देहरादून, प्रयागराज, मनाली और चंडीगढ़ में घना कोहरा छा सकता है।
उत्तराखंड के केदारनाथ में शुक्रवार को तापमान माइनस 14 डिग्री और बद्रीनाथ में माइनस 11 डिग्री तक पहुंच गया। पिथौरागढ़ और चमोली में नदी-नाले जम गए। रविवार को कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी हल्की बारिश और बर्फबारी की हो सकती है। शुक्रवार को राज्य के सभी शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे गिर गया है, जबकि लाहौल स्पीति के ताबो में तापमान माइनस 8.3 डिग्री पर पहुंच गया।
राजस्थान में शुक्रवार को सीकर के फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री दर्ज हुआ। शेखावाटी में ओस की बूंदें जमने से खेतों में पाला पडऩा शुरू हो गया है। यहां रात का पारा 3-5 डिग्री तक पहुंचने और शीतलहर चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश में 19 शहरों में शुक्रवार को पारा 10 डिग्री से नीचे और पचमढ़ी में सबसे कम 5.8 डिग्री पर पहुंच गया। प्रदेश में 7-8 दिसंबर को ठिठुरन और बढऩे के आसार हैं।
यूपी में शनिवार को कानपुर, बरेली, आगरा, टुंडला, बाराबंकी, मुजफ्फर नगर और गौतमबुद्ध नगर में शीतलहर के साथ तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है। दूसरी तरफ बिहार में आने वाला सप्ताह में कई शहरों में तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री रहने की संभावना है। वायु प्रदूषण के कारण धुंध की परत छाई हुई है। साथ ही शीतलहर भी चलने की संभावना है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

