कवर्धा, 23 जून (आरएनएस)। कवर्धा जिले के पोंडी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत सारंगपुर चौक के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 6 माह के मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सारंगपुर चौक के पास एक ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
स्थानीयलोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान 6 माह के मासूम बच्चे ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में प्रभावित परिवार मध्यप्रदेश के रीवा जिले का निवासी है और किसी कार्य से छत्तीसगढ़ आया हुआ था।
हादसे के बाद चालक-कंडक्टर फरार
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और कंडक्टर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पोंडी पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस फरार ट्रक चालक और कंडक्टर की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृत मासूम के परिजनों में शोक का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरी संवेदना व्यक्त की जा रही है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

