कोलकाता,06 दिसंबर (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी जैसी मस्जिद की नींव रखी जा रही है। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर की अपील के बाद हजारों लोग सिर पर ईंट लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचने लगे हैं। इसे लेकर बेलडांगा समेत आसपास का इलाका हाई अलर्ट पर है। 3,000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। इससे पहले हाई कोर्ट ने मस्जिद निर्माण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।
बेलाडांगा में मस्जिद निर्माण के लिए आसपास के जिलों से हजारों लोग ईंटें और दूसरी निर्माण सामग्री लेकर पहुंच रहे हैं। जगह-जगह मस्जिद शिलान्यास के पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं। कबीर ने कहा कि मोरादघी के पास 25 बीघा जमीन पर लगभग 3 लाख लोग इक_ा होंगे। इसके लिए 150 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा मंच भी बनाया गया है, जिस पर 400 से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
दरअसल, 25 नवंबर को कबीर ने कहा था कि वे 6 दिसंबर को अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की बरसी पर बाबरी जैसी मस्जिद की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने कहा, मैं बेलडांगा में मस्जिद की नींव रखूंगा। कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकती। हम कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेशों का पालन करेंगे। हिंसा भड़काकर कार्यक्रम को बाधित करने की साजिशें रची जा रही हैं। बंगाल के लोग ऐसी कोशिशों को नाकाम कर देंगे। यह शांतिपूर्ण समारोह होगा।
कबीर ने कहा, सऊदी अरब से 2 काजी सुबह कोलकाता हवाई अड्डे से एक विशेष काफिले में पहुंचेंगे। भीड़ के लिए शाही बिरयानी बनाने के लिए मुर्शिदाबाद की 7 एजेंसियों को जिम्मा सौंपा गया है। मेहमानों के लिए लगभग 40,000 पैकेट और स्थानीय निवासियों के लिए 20,000 पैकेट बिरयानी बनाई गई है, जिसकी लागत 30 लाख रुपये बताई जा रही है। आयोजकों ने बताया कि लगभग 3,000 स्वयंसेवक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात किए गए हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

