जशपुर,07 दिसंबर (आरएनएस)।छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एनएच-43 पर पतराटोली के पास तेज रफ्तार से आ रही कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से भीषण रूप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा दुलदुला थाना क्षेत्र में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार कुनकुरी से जशपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद घटना स्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शवों को कार से बाहर निकालकर दुलदुला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी मृतक जशपुर जिले के चराईडांड़ क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों की पहचान के लिए परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। सभी मृतक एक ही गांव के निवासी हैं, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



