अयोध्या 7 दिसंबर (आरएनएस )। ग्रामीण मेधा को आधुनिक तकनीकी विकास से जोडऩे के उद्देश्य से विगत पाँच वर्षों से कार्यरत संस्था गिब बैंक टू कम्युनिटी का वार्षिकोत्सव रविवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ-साथ बीते राष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस के उपलक्ष्य पर लगातार उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को सम्मानित भी किया गया। एबिलिटी अवार्ड की श्रेणी में वाणी शुक्ला, अमर सिंह, जगदीश वर्मा और नीतू अलरेजा को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। समाज के हर तबके के लिए काम कर रही संस्था साहस फाउंडेशन और शिक्षित युवा सेवा समिति को भी विशेष श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। संस्था द्वारा पूर्व वर्षों में जी बी टी सी के विभिन्न कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इस वर्ष वैशाली पाण्डेय और शुभांकर पाण्डेय को उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए स्टूडेंट ऑफ द ईयर सम्मान से नवाजा गया। संस्था की संस्थापिका किरणदीप संधू और देवेश मोहन के द्वारा जनपद अयोध्या में जी बी टी सी स्मार्ट क्लास श्रृंखला के चालीसवें परिषदीय विद्यालय का उद्घाटन भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल अमित सरीन और विशिष्ट अतिथियों में ऋषिकेश उपाध्याय, पंकज रावत, नितिन कोहली, मल्लिका कोहली, पी के सिंह, दीपक कुमार, विशाल गुप्ता, मंजूला झुनझुनवाला, के.के. मिश्रा, पी के नारायण, अभय सिंह, अतुल सिंह आदि शामिल रहे। इसके अलावा जवाहर नवोदय विद्यालय और अटल आवासीय विद्यालय के छात्राओं एवं शिक्षा विभाग के मेंटर्स भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। वार्षिकोत्सव के दौरान मंच से दिव्यांगजनों के आत्म-सम्मान, ग्रामीण प्रतिभाओं के अवसरों और आधुनिक कौशल शिक्षा के महत्व पर भी विचार रखे गए। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, ऊर्जा और सामाजिक संवेदनशीलता की अनूठी झलक देखने को मिली।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

