देहरादून,07 दिसंबर (आरएनएस)। सिख पंथ के नवें गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान के तीन सौ पचास साल पूरे होने पर शनिवार रात्रि व रविवार प्रात: को गुरुद्वारा पटेलनगर में कीर्तन दरबार सजाया गया। बाबा बकाला से पधारे कीर्तनिये गुरप्रीत सिंह ने गुरु तेगबहादुर जी के महान बलिदान पर शबद कीर्तन गा कर संगतों को निहाल किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने गुरु तेगबहादुर जी के बलिदान को दुनिया के तमाम बलिदानों में सर्वोच्च बताते हुए कहा कि पूरी दुनिया में ऐसा बलिदान जो कौम और देश की रक्षा के लिए स्वेच्छा से दिया गया हो कहीं उदाहरण नहीं मिलता। धस्माना ने कहा कि औरंगजेब के अत्याचारों के खिलाफ गुरु तेगबहादुर ने जिस साहस के साथ अपने धर्म पर अडिग रहते हुए धर्मपरिवर्तन व तमाम प्रलोभनों के प्रस्ताव को ठुकराया और धर्मरक्षा के लिए अपना शीश कटवाना मंजूर किया। ऐसा कर उन्होंने अपने सिख पंथ में गुरु अर्जन देव जी के पद चिन्हों पर चलते हुए आने वाली पीढिय़ों को त्याग और बलिदान की प्रेरणा दी। जिस पर चलते हुए दसवें गुरु गुरुगोबिंद सिंह जी ने अपने चार पुत्र व अपना सर्वस्व देश के लिए और कौम की रक्षा के लिए नौछावर कर दिया। धस्माना ने कहा कि खालसा पंथ पूरी दुनिया में इकलौता पंथ है जहां अपने शहीदों के शहीदी दिवस को कोई मातम नहीं बल्कि पर्व के रूप में मनाया जाता है। धर्म की रक्षा के लिए किसी की जान लेने से ज्यादा महत्व धर्म की रक्षा के लिए हंसते हंसते अपने प्राणों का बलिदान देना इससे ज्यादा महान कोई कार्य नहीं हो सकता। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पटेलनगर के प्रधान हर मोहिंदर सिंह, जसविंदर सिंह ने धस्माना को गुरु तेगबहादुर जी के बलिदान के 350 साल का स्मृति चिन्ह भेंट किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

