ऋषिकेश,07 दिसंबर (आरएनएस)। मौसम में ठंडक भी राफ्टिंग की शौकीनों के पांव नहीं थाम पा रही है। गंगा की लहरों पर रोमांच का लुत्फ उठाने के लिए मुनिकीरेती में पर्यटकों का जमघट लग रहा है, जिससे राफ्टिंग पर निर्भर कारोबारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। उन्हें सर्दी के सीजन में भी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। रविवार को ईको टूरिज्म जोन कौडिय़ाला-मुनिकीरेती में राफ्टिंग के लिए हर वीकेंड तरह दिल्ली, एनसीआर, यूपी, हरियाणा और आसपास के राज्यों से पर्यटक जुटे। सुबह से लेकर दोपहर तक वह मुनिकीरेती और तपोवन क्षेत्र में कंपनियों के बुकिंग कार्यालयों में जुटे दिखे, तो कई ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से भी पहुंचे, जिसके चलते पीकअप प्वाइंट खारास्रोत में पर्यटकों की दिनभर चहल-पहल रही। शिवपुरी से लेकर खारास्रोत तक उन्होंने राफ्टिंग करते हुए गंगा की लहरों पर रोमांच का आनंद लिया। वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़भाड़ से न सिर्फ राफ्टिंग कारोबारी, बल्कि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य कारोबारियों के चेहरों पर भी मुस्कान दिखी। पर्यटन कारोबारी वैभव थपलियाल ने बताया कि मौसम में काफी दिनों से ठंडक अधिक महसूस की जा रही है, मगर साहसिक पर्यटन के शौकीन पर्यटकों के लिए यह ठंड शायद कुछ भी नहीं है। पिछले वर्षों की तुलना में इस साल सर्दी में सीजन में पर्यटकों की संख्या अधिक दिख रही है। वहीं, साहसिक पर्यटन अधिकारी जसपाल सिंह चौहान ने बताया कि रविवार को 567 पर्यटकों ने राफ्टिंग की। बरसात के बाद शुरू हुए दूसरे सीजन में 30 हजार से अधिक पर्यटक राफ्टिंग कर चुके हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

