विकासनगर,07 दिसंबर (आरएनएस)। छत्रधारी चालदा महासू महाराज के प्रवास यात्रा में शामिल होने के लिए इन दिनों लोग बड़ी संख्या में दसऊ जा रहे हैं, जिसके चलते साहिया बाजार पर यातायात का दवाब बढ़ गया है। रविवार को दसऊ मंदिर जाने वालों की भीड़ उमडऩे से साहिया-क्वानू मार्ग पर लंबा जाम लग गया। दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। एक घंटे तक लोग जाम में ही फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर के दसऊ गांव स्थित छत्रधारी चालदा महासू महाराज मंदिर से प्रवास यात्रा सोमवार से शुरू होनी है। इस धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग दसऊ जा रहे हैं। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के पश्मी गांव से श्रद्धालु देवता की आगवानी करने के लिए आ रहे हैं, जिससे साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। बड़ी संख्या में लोगों के इस मार्ग से आवाजाही करने के बावजूद प्रशासन की ओर से यातायात को नियंत्रित करने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। रविवार सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को दसऊ मंदिर में जाने का सिलसिला शुरु हो गया था, जिससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया। लोगों का कहना है कि धार्मिक अनुष्ठान के लिए विकासनगर, देहरादून से यात्री बसों का संचालन किया जाना चाहिए, जिससे छोटे वाहनो की संख्या नियंत्रित की जा सके। उधर, एसडीएम प्रेम लाल ने बताया कि सोमवार से साहिया बाजार, साहिया-क्वानू मोटर मार्ग और साहिया-समाल्टा मोटर मार्ग पर यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

