विकासनगर,07 दिसंबर (आरएनएस)। शहर के त्रिशला देवी अतिथि गृह में रविवार को हुई कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में मतदाता सूची के रिविजन और उससे उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों पर मंथन किया। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के रिविजन के दौरान गड़बड़ी की आशंका जताते हुए इससे निपटने के तरीकों पर और रणनीति पर मंथन करते हुए अपने सुझाव भी रखे। पूर्व मंत्री नवप्रभात ने कहा कि मताधिकार और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र का आधार है। देश का संविधान देश के प्रत्येक वयस्क नागरिक को मताधिकार की गारंटी देता है। कांग्रेस कार्यकर्ता का यह कर्तव्य है कि वह युवाओं महिलाओं, निर्बल और वंचित वर्ग के अधिकारों की हिमायत और हिफाजत के लिए कार्य करे। उन्होंने आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली वोट चोर, गद्दी छोड़ रैली में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का भी आह्वान किया। पालिकाध्यक्ष बॉबी नौटियाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य संजय जैन, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कुंवर पाल, शशि चौहान, भास्कर चुग, असद आरफी, दिनेश कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि आगामी दिनो में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन कर पार्टी को विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक गांव, मोहल्ले और बूथ पर पार्टी की जनहितकारी नीतियों को पहुंचाने का निर्णय लिया। प्रदेश सरकार पर निष्क्रिय होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता इस निष्क्रियता से त्रस्त हो चुकी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने की। संचालन आशीष पुंडीर ने किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, अजमेर राठौर, डिंपल सिंह, सरदार बलजीत सिंह, सूफी शरीफ, जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिला आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

