ब्राह्मण बेटियों पर टिप्पणी का विरोकध, एफआईआर और सेवा से हटाने की मांग
प्रयागराज 8 दिसंबर (आरएनएस )। मध्य प्रदेश के आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण बेटियों पर की गई टिप्पणी के विरोध में प्रयागराज में प्रदर्शन हुआ। सोमवार को राष्ट्रीय परशुराम सेना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यह प्रदर्शन पत्थर गिरजा घर स्थित धरना स्थल से शुरू हुआ।
कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर सुभाष चौक तक मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर आईएएस अधिकारी के खिलाफ नारे लगाए। सुभाष चौक पहुंचने पर संतोष वर्मा का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
राष्ट्रीय परशुराम सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे अधिकारी की ऐसी टिप्पणी समाज में गलत संदेश देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान केवल एक वर्ग विशेष नहीं, बल्कि देश की सभी बेटियों और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाता है। संगठन ने ऐसी सोच को अस्वीकार्य बताया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने संतोष वर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने, राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करने और उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर बढ़ाया जाएगा। उन्होंने इसे केवल एक बयान का नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और सामाजिक मर्यादाओं से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
विरोध प्रदर्शन में अधिवक्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। सभी ने सार्वजनिक पदों पर बैठे व्यक्तियों से जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा पर जोर दिया और कहा कि ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने चाहिए जो इस कसौटी पर खरे नहीं उतरते।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

