लखनऊ 8 दिसंबर (आरएनएस ) कमिश्नरेट के थाना महानगर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। शेयर मार्केटिंग में निवेश का लालच देकर धोखाधड़ी करने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, जान से मारने की धमकी देने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में वांछित चल रहा वली मोहम्मद कुरैशी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। मुकदमे में लगातार फरार चल रहे आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस पिछले कई दिनों से प्रयासरत थी।4 दिसंबर 2025 को पीडि़ता की तहरीर पर थाना महानगर में मुकदमा अपराध संख्या 311/2025 दर्ज किया गया था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 69, 351(3) के साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5(1) लागू की गई थीं। इसके बाद से बुलन्दशहर के सियाना क्षेत्र का रहने वाला 25 वर्षीय वली मोहम्मद कुरैशी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण किया, जिसमें पता चला कि वह दिल्ली में छिपा हुआ है। इस इनपुट को पुख्ता करने के बाद थाना महानगर की टीम दिल्ली रवाना हुई। कड़ी निगरानी और ट्रैकिंग के बाद टीम ने 7 दिसंबर 2025 को दक्षिण दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आली गांव में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत लखनऊ लाया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पीडि़ता से शेयर मार्केटिंग में बड़ा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर रुपये हथियाए। इसके बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने पीडि़ता पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव भी बनाया, जिसके आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।थाना महानगर की जिस टीम ने यह कार्रवाई की, उसमें उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक अरुण प्रताप सिंह और कांस्टेबल अमन कुमार शामिल रहे। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई और दिल्ली में सफलतापूर्वक की गई गिरफ्तारी को लखनऊ पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

