लखनऊ 8 दिसंबर (आरएनएस )। राजधानी में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और इसी को देखते हुए नगर निगम ने बेघर एवं जरूरतमंद लोगों को राहत देने के उद्देश्य से तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शहर के विभिन्न स्थाई शेल्टर होम्स (रैन बसेरों) का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरम्मत, सफाई और रिनोवेशन के कार्यों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, मुख्य अभियंता महेश वर्मा तथा संबंधित जोन के अधिकारी मौजूद रहे।निरीक्षण की शुरुआत जोन-1 के जियामऊ स्थित शेल्टर होम से हुई, जहां नगर आयुक्त ने रंगाई-पुताई, सफाई और अन्य सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि शहर के सभी रैन बसेरों में साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का काम जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए, ताकि ठंड से बचाव के लिए आश्रय लेने आने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बाद उन्होंने लक्ष्मण मेला और चकबस्त स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का विस्तार से मूल्यांकन किया।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी शेल्टर होम्स में स्पष्ट साइनेज बोर्ड लगाए जाने पर जोर दिया, ताकि जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने सभी कैयर टेकरों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से लॉग बुक अपडेट करें, ताकि रैन बसेरों की गतिविधियों का सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। रजाई, गद्दे और कंबल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने और पुराने सामान को बदलने के भी निर्देश दिए गए।इसके बाद नगर आयुक्त जोन-2 के लाटूश रोड स्थित रैन बसेरा पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान कुछ मरम्मत कार्यों में कमी पाई गई, जिस पर उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। नगर आयुक्त ने आगे ऐशबाग मिल रोड और करेहटा स्थित शेल्टर होम्स का भी निरीक्षण किया और जहां-जहां कार्य अधूरे मिले, उन्हें अगले सात दिनों के भीतर पूरा करने का आदेश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी निरीक्षण में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि ठंड के मौसम में शहर के गरीब और बेघर लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी रैन बसेरों में गर्म बिस्तर, स्वच्छ पीने का पानी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड की चपेट में आने से बचाव के लिए परेशान न हो।शहर में ठंड बढऩे के साथ नगर निगम की यह सक्रियता जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

