जौनपुर,लखनऊ 8 दिसंबर (आरएनएस )। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने प्रभार जनपद जौनपुर के दौरे के दौरान खानपुर ग्राम में आयोजित बिजली बिल राहत योजना शिविर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीकरण काउंटर, जानकारी देने की प्रक्रिया, शिकायत निस्तारण व्यवस्था और लाभार्थियों से मिलने वाली प्रतिक्रिया का बारीकी से मूल्यांकन किया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी उपभोक्ता को जानकारी या सुविधा प्राप्त करने में कठिनाई न हो और सभी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जाए।शिविर में बीते दिवस कुल 80 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। इनमें कई ऐसे परिवार शामिल थे जो लंबे समय से बकाया बिल के बोझ से परेशान थे। उपभोक्ताओं ने इस योजना को सरकार की ऐतिहासिक राहत बताते हुए कहा कि इससे उनकी आर्थिक समस्याओं में बड़ी कमी आएगी और वे नियमित भुगतान करने की स्थिति में लौट सकेंगे।निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 31 मार्च के बाद भुगतान करने वाले उपभोक्ता भी अब बिजली बिल राहत योजना में शामिल किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर शीघ्रता से उन्हें योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की भावना है कि कोई भी पात्र उपभोक्ता योजना के लाभ से वंचित न रहे।मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि जिन उपभोक्ताओं पर बिजली का बकाया है, वे अवश्य पंजीकरण कर इस योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 31 दिसंबर तक पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को मूलधन में 25 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आगे छूट की मात्रा कम हो जाएगी, इसलिए अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को पहले चरण में ही पंजीकरण करने की सलाह दी गई है।उन्होंने यह भी कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधी राहत देने की राज्य सरकार की यह एक ऐतिहासिक पहल है। गांव-गांव शिविर आयोजित कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे और उन्हें किसी स्तर पर परेशानी का सामना न करना पड़े।शिविर में विद्युत विभाग के अधिकारी, स्थानीय उपभोक्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

