देहरादून,09 दिसंबर (आरएनएस)। पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मालदेवता में स्वच्छता पखवाड़े में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की टीम ने छात्रों को स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन की वैज्ञानिक अवधारणाओं से परिचित कराया। कार्यक्रम में डीआरडीओ विशेषज्ञों ने बताया कि स्वच्छ वातावरण केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि गंदगी से उत्पन्न बैक्टीरिया, वायरस और अन्य सूक्ष्मजीव किस प्रकार बीमारियों को जन्म देते हैं और स्वच्छ आदतें कैसे इनसे बचाव करती हैं। कार्यशाला के बाद विद्यालय की एनएसएस इकाई ने एक जागरुकता रैली निकाली। स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत, अपशिष्ट कम करो-देश बेहतर बनाओ जैसे नारों के साथ क्षेत्र में स्वच्छता का संदेश दिया। रैली के दौरान छात्रों ने ग्रामीणों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के कम उपयोग और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन श्रमदान के साथ हुआ। एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षक और विद्यालय कर्मियों ने परिसर व आसपास के क्षेत्र में सफाई की। छात्रों ने कचरा एकत्र किया, झाडिय़ों की कटाई की और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य हिमानी बिष्ट ने डीआरडीओ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल अभियान का नहीं, बल्कि जीवन शैली का स्थायी हिस्सा बननी चाहिए। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संजीव कुमार सैनी ने कहा कि छात्र समाज में जागरुकता का सबसे प्रभावी माध्यम हैं और ऐसे कार्यक्रम उन्हें व्यवहारिक शिक्षण प्रदान करते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

