विकासनगर,10 दिसंबर (आरएनएस)। कांग्रेस की दिल्ली में प्रस्तावित ‘वोट चोर गद्दी छोड़Ó रैली की रणनीति बनाने के लिए बुधवार को एक वेडिंग प्वाइंट में हुई कांग्रेस की बैठक कार्यकर्ताओं के बीच लड़ाई का मैदान बन गई। इससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। कार्यकर्ताओं में यह मारपीट प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष नवप्रभात, चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा की मौजूदगी में हुई। मारपीट के दौरान वरिष्ठ नेता मूकदर्शक बने रहे। हालांकि, जिलाध्यक्ष समेत कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव किया। बैठक में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में होने वाली वोट चोर गद्दी छोड़ रैली में भागीदारी को लेकर रणनीति बनाने के लिए जुटे थे।
मंच से पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष विपुल जैन ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दिल्ली जाने की व्यवस्था उन लोगों को करनी चाहिए, जिनको पार्टी ने विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए कई बार टिकट दिया है। कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके इस बयान को बैठक में मौजूद एक पूर्व मंत्री की ओर इशारा माना। इस पर वे भड़क उठे। इस पर दूसरे कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया। इससे कार्यकर्ताओं में हाथापाई हो गई। हालांकि, जिलाध्यक्ष समेत कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव किया। इस दौरान चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष और कांग्रेस अनुशासन समिति अध्यक्ष मंच पर ही मौजूद रहे। हालांकि, बाद में प्रीतम सिंह ने मंच से कहा कि कार्यकर्ताओं को खुद के संसाधनों से ही दिल्ली पहुंचना होगा।
कांग्रेस की गुटबाजी सामने आई: पछुवादून में कांग्रेस दो खेमों में बंटी हुई है। बुधवार को हुई हाथापाई इसी का परिणाम है। आपस में भिडऩे वाले कार्यकर्ता दोनों ही गुटों के थे। हाथापाई के बाद दोनों गुटों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। वहीं, इससे विपक्षी पार्टियों को भी जुमलेबाजी करने का अवसर मिल गया है।
बैठक के दौरान हाथापाई नहीं हुई बल्कि कार्यकर्ताओं में वाद विवाद हुआ। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए भविष्य में इस तरह घटना नहीं दोहराने की चेतावनी कार्यकर्ताओं को दी है। इस घटना के लिए किसी भी कार्यकर्ता पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। – नवप्रभात, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस अनुशासन समिति
बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में एक कार्यकर्ता अति उत्साह में कुछ ऐसी बातें बोल गए, जिससे कुछ अन्य कार्यकर्ता भड़क गए। बैठक में मौजूद वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने स्थिति को संभाल लिया। – संजय किशोर महेंद्रू, जिलाध्यक्ष
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

