जांजगीर-चांपा, 11 दिसंबर (आरएनएस)। जिले में सोमवार सुबह लापता हुए तीन बच्चों का शव मंगलवार दोपहर हसदेव नदी से बरामद किया गया। तीनों बच्चे स्कूल की छुट्टी होने पर सुबह करीब 10 बजे हनुमान धारा घूमने निकले थे, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों की सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने तुरंत तलाश शुरू की, जो करीब 26 घंटे बाद पूरी हो सकी।
इसी मोहल्ले के थे तीनों बच्चे
मृतक बच्चों की पहचान रूद्र कुमार (कक्षा 5), युवराज (कक्षा 8) और नेल्सन (कक्षा 9) के रूप में हुई है। सभी मनका पब्लिक स्कूल में पढ़ाई करते थे और एक ही मोहल्ले में रहते थे। इनमें से एक बच्चा सक्ती जिले में पदस्थ एक ्रस्ढ्ढ का पुत्र बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, तीनों सुबह साइकिल से निकले थे। एक बच्चे के पास मोबाइल था, लेकिन लगातार कॉल करने पर भी फोन नहीं उठा। मोबाइल की अंतिम लोकेशन हनुमान धारा के पास मिली, जिसके बाद परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
नदी किनारे मिले कपड़े और साइकिलें
शाम होते-होते ग्रामीणों को नदी किनारे तीनों बच्चों की साइकिलें, कपड़े और चप्पलें मिलीं। बच्चों का कहीं पता नहीं चलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। चाम्पा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थानीय गोताखोरों, नगर सेना और पुलिस ने रातभर नदी में जाल डालकर और डाइविंग के जरिए खोज की। प्रशासन ने तलाशी आसान बनाने के लिए नदी का बहाव भी कम कराया, लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके दौरान तीनों बच्चों के शव नदी की गहराई से निकाले गए।
परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता
चाम्पा सीडीएम ने बताया कि घटना आकस्मिक मृत्यु की श्रेणी में आती है। शासन की ओर से प्रत्येक परिवार को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाम्पा के बीडीएम अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

