रामानुजगंज, 11 दिसंबर (आरएनएस)। रामानुजगंज थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ रायपुर में मारपीट और जबरन उगाही का गंभीर मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, युवक 5 दिसंबर को रोजगार के लिए गुजरात जाने निकला था और यात्रा के दौरान 6 दिसंबर को रायपुर में उतरा। इसी बीच युवक को घर से फोन आया कि रिश्तेदारी में किसी की मौत हो गई है, जिसके कारण उसे तुरंत वापस आने को कहा गया।
युवक के पास इस समय वापसी के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे, जिसके चलते वह रायपुर स्टेशन पर ही परेशान बैठा हुआ था। इसी दौरान स्टेशन पर उसकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई। युवक ने अपनी स्थिति बताते हुए उसे फोन पर अपने घर से पैसा मंगाने की बात कही। आरोपी ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह अपने मोबाइल नंबर पर पैसा मंगवा लेता है और बाद में युवक को कैश में दे देगा।
युवक के परिजनों ने आरोपी के मोबाइल नंबर पर 200 भेज भी दिए, लेकिन पैसा लेने वाला व्यक्ति अचानक संदिग्ध व्यवहार करने लगा। उसने युवक को राशि देने से मना कर दिया और बहाने बनाते हुए उसे स्टेशन से दूर एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहीं उसने युवक के साथ मारपीट की, डराया-धमकाया और अनैतिक यौन कृत्य कर वीडियो बनाकर प्रताडि़त किया।
इसके बाद आरोपी युवक के घरवालों से लगातार फोन कर रकम की उगाही करने लगा। परिवार वालों से 1.5 लाख (डेढ़ लाख) रुपये तक की मांग की जा रही थी। मजबूरी और डर के माहौल के बीच युवक किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर निकलने में सफल हुआ और अपने घर पहुंचा।
घर पहुंचने के बाद युवक ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिवार और स्थानीय पुलिस को दी
घटना के संबंध मे रामानुजगंज थाना प्रभारी अजय साहू एवं चौकी प्रभारी अश्वनी सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की शिकायत पर जीरो में प्राथमिकी दर्ज कर मामला रायपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, क्योंकि घटना रायपुर थाना क्षेत्र की है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच रायपुर पुलिस द्वारा की जाएगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

