हरिद्वार,11 दिसंबर (आरएनएस)। बीएचईएल क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल से निकलकर एक गुलदार रिहायशी इलाके की ओर आ गया। सुबह लगभग 11:30 बजे गुलदार बीएचईएल पेट्रोल पंप के पास घूमता दिखाई दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी मौजूदगी रिकॉर्ड हो गई। यह वीडियो पूरे दिन सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। दिन में गुलदार के सक्रिय रूप से दिखाई देने से कर्मचारियों और लोगों में दहशत का माहौल है। जिस जगह गुलदार दिखा, वहां से बड़ी संख्या में भेलकर्मी रोज आवाजाही करते हैं। गनीमत रही कि कुछ देर सड़क पर चहलकदमी करने के बाद गुलदार झाडिय़ों में ओझल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही को रोकने में विफल हो रहा है। इससे मानव–वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ता जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

