हरिद्वार,11 दिसंबर (आरएनएस)। जमीन का सौदा कराने का लालच देकर एक किसान से 10 लाख रुपये ठग लिए गए। रकम वापस मांगने पर आरोपी अब धमका रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। ज्वालापुर के पूर्वी नाथनगर निवासी किसान रणधीर सिंह ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी जमीन लक्सर तहसील के डुमनपुरी में है, जहां वे दुकान और कमरे बनाकर खेती देखते हैं। इस बीच, रेखा देवी, सतीश भाटी और बन्टी उनके पास आए और दावा किया कि वे बड़े स्तर पर संस्थान खोलने के लिए लगभग 100 बीघा भूमि खरीदना चाहते हैं। इन आरोपियों ने रणधीर को कई बार विभिन्न स्थानों पर बुलाकर भरोसे में लिया और कहा कि उनकी जमीन का सौदा 40 लाख रुपये में हो सकता है। यदि वे इस सौदे में साझेदारी करें तो मोटा मुनाफा मिलेगा। इसी लालच में आकर रणधीर ने 10 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद तीनों न तो रजिस्ट्री की प्रक्रिया में आगे बढ़े और न किसी प्रकार की खरीद-फरोख्त शुरू की। उल्टा, जब रणधीर ने पैसा वापस मांगे तो आरोपियों ने धमकाना शुरू कर दिया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

