हरिद्वार,11 दिसंबर (आरएनएस)। ऊर्जा निगम ने गुरुवार को जमालपुर और आसपास के क्षेत्रों में चार घंटे बिजली कटौती की, जिससे करीब 12 हजार से अधिक आबादी को परेशानी उठानी पड़ी। आमजन के रोजमर्रा के काम हुए, जबकि दुकानदारों को भी आर्थिक नुकसान हुआ। यह कटौती बिजली लाइन की मरम्मत के चलते की गई थी। उपकेंद्र ज्वालापुर के अंतर्गत उप संस्थान गुरुकुल-द्वितीय के फीडर जमालपुर पर बिजली के तार बदले गए। इसके लिए फीडर की सप्लाई सुबह 10 बजे बंद की गई, जो मरम्मत पूरी होने के बाद दोपहर 2 बजे बहाल की गई। इस कारण जमालपुर कलां, रमा विहार, दयाल एन्क्लेव, कस्तूरी एन्क्लेव, दुर्गा विहार सहित कई क्षेत्रों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, दोपहर बाद सप्लाई शुरू होने पर लोगों ने राहत महसूस की। ईई रवि कुमार ने बताया कि मरम्मत के लिए फीडर बंद किया गया था और बिजली कटौती की जानकारी लोगों को पहले ही उपलब्ध करा दी गई थी। आज जट्ट बहादुरपुर फीडर पर मरम्मत प्रस्तावित है। इसके कारण दिन में चार घंटे बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। इससे गाड़ोवाली, जट्ट बहादरपुर, मंगलमूर्ति फेस-1 एवं फेस-2, सियाराम विहार, वसंत कुंज सहित आसपास के इलाके प्रभावित होंगे। ईई ने बताया कि गुरुकुल-द्वितीय के दोनों फीडरों पर मरम्मत का काम 19 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

