सुकमा,12 दिसंबर (आरएनएस)।छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले से लगे आंध्र प्रदेश के मारेडमिल्ली घाट क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। अरुकु से रायलसीमा, चित्तूर जा रही एक निजी ट्रैवल्स की बस नियंत्रण खोकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में मौके पर ही 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा और घायलों को चिंतूर अस्पताल भेजा जा रहा है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि तीर्थयात्रियों को ले जा रही निजी बस दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली है। नायडू ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने की बात कही है।

