अल्मोड़ा,12 दिसंबर (आरएनएस)। कमलेश्वर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से विद्यालय स्तरीय शेयर आउट इवेंट (विज्ञान प्रदर्शनी) का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और प्रयोगों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और नवाचारी सोच को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन से विद्यालय समन्वयक हितेश बिरोडिय़ा और प्रमोद कुमार, विद्यालय की वरिष्ठ प्रवक्ता संगीता पंत, मनोज कुमार पाठक और अंजना नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के संरक्षक राजेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। संरक्षक राजेंद्र सिंह बिष्ट ने छात्रों के मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक दृष्टि को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि बच्चों का उत्साह और मेहनत भविष्य में वैज्ञानिक योगदान की संभावनाओं को मजबूत करता है। उन्होंने इस आयोजन में सहयोग के लिए अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में रौनक मेहरा (कक्षा 9) प्रथम, दीपक भाकुनी (कक्षा 9) द्वितीय और शालू स्यूनरी (कक्षा 9) तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में हिमांशु (कक्षा 6) और निखिल (कक्षा 7) ने प्रथम, रिया और प्रिया (कक्षा 7) ने द्वितीय तथा पारस (कक्षा 6) और शाहिल (कक्षा 7) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समारोह में प्रधानाचार्य खजान चंद्र कांडपाल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेह के प्रधानाध्यापक खीम राम आर्या, उच्च प्राथमिक विद्यालय बेह की उमा अल्मियां, संगीता पंत, रेणुका जोशी, गणेश जोशी, मोहन चंद्र भट्ट, प्रेमा कैड़ा सहित कई शिक्षक और अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य खजान चंद्र कांडपाल ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और अधिक सुदृढ़ होगी तथा वे अपने नवाचारों से विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

