देहरादून,12 दिसंबर (आरएनएस)। सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव व क्रिसमस समारोह में स्कूली छात्राओं ने मनमोहक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने विद्यालय के 18 जरूरतमन्द छात्राओं को स्वेटर वितरित किए तथा उत्तराखण्ड परिषदीय बोर्ड परीक्षा 2025 में हाईस्कूल एवं इण्टर कक्षा में स्कूल में अधिकतम अंक प्राप्त करने वाली 05 छात्राओं को सम्मानित किया। साथ ही क्रीड़ा के क्षेत्र में ब्लॉक एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित सीएनआई गर्ल्स इंटर कालेज के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 168 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शिक्षा प्रदान कर रहा सीएनआई गर्ल्स दून का गौरवशाली अतीत का हिस्सा रहा है। किसी भी विद्यालय या संस्थान का वार्षिकोत्सव उसका आईना होता है। सीएनआई गर्ल्स विद्यालय हर बच्चे को अच्छे संस्कार देता है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आधुनिक दौर में मान बिंदु और आदर्श बदल रहे है। शिक्षा के साथ साथ नैतिक शिक्षा भी आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को जीवन में सफल होने के मूल मंत्र भी दिए और जीवन में आगे बढऩे के लिए भी प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन ने मंत्री को विद्यालय में आवश्यक संसाधनों के संबंध में चार सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा। जिस पर कैबिनेट मंत्री ने विद्यालय प्रबंधन को सकारात्मक आश्वासन दिया। इस अवसर पर सचिव उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग जेएस रावत, विद्यालय प्रबन्धक अनिता टैम्पलटन, प्रधानाचार्या रिबैका मीनाक्षी सिंह, पूर्व अपर निदेशक एसबी जोशी सहित छात्र छात्राएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

