देहरादून,12 दिसंबर (आरएनएस)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड-सीएयू के कार्यालय में शुक्रवार को हुए विशेष कार्यक्रम में उत्तराखंड ब्लाइंड क्रिकेट टीम की नई जर्सी का विमोचन किया गया। सीएयू पदाधिकारियों ने टीम के खिलाडिय़ों को नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर द ब्लाइंड-नागेश ट्रॉफी(8 वां संस्करण) के लिए शुभकामनाएं दी। यह प्रतियोगिता 15 से 19 दिसंबर तक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित होगी। कार्यक्रम में सीएयू उपाध्यक्ष अजय पांडे, पूर्व अध्यक्ष गिरीश गोयल, पूर्व महासचिव महिम वर्मा, क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन उत्तराखंड के महासचिव शैलेन्द्र यादव, उत्तराखंड के अध्यक्ष लोकेश सिंह ने खिलाडिय़ों को अच्छे खेल के लिए प्रेरित किया। सीएबीआई के महासचिव एवं कोच अमनदीप आर्या ने बताया कि खिलाड़ी पिछले दस दिनों से कड़ी मेहनत कर रहे हैं और कप्तान दीपक रावत के नेतृत्व में टीम पूरी तरह तैयार है। टीम का लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन कर सुपर-8 में स्थान बनाना है। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड टीम ग्रुप-ए में है, जहां उसका मुकाबला आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात और उत्तर प्रदेश से होगा। लीग चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी। क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच बेंगलुरु में होंगे। इस प्रतियोगिता श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जून 2026 में होने वाले टी-20 ब्लाइंड विश्वकप के लिए भारतीय टीम में चयन का दावा पेश करेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

