भोपाल,13 दिसंबर (आरएनएस)। भीम नगर बस्ती में जेल से दो दिन पहले छूटकर आए एक नाबालिग बदमाश ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात में आरोपी युवक के साथ मारपीट की गई और जमीन पर गिराने के बाद उस पर चाकू से हमला हुआ। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र की भीम नगर झुग्गी बस्ती में यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक दानिश खान पिता असलम खान (22) निवासी भीम नगर, अरेरा हिल्स में रहता है और निजी काम करता है। मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे वह अपने मोहल्ले में खड़ा था।
इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला शिवम अपने एक नाबालिग साथी के साथ वहां पहुंचा। दानिश को देखते ही शिवम ने गाली-गलौज शुरू कर दी। दानिश ने इसका विरोध किया तो शिवम मारपीट पर उतर आया।
मारपीट के दौरान शिवम ने अपने नाबालिग साथी से कहा कि दानिश पर छुरी मार दे। दोनों ने मिलकर दानिश को नीचे गिरा दिया। इसके बाद शिवम दानिश के सीने पर बैठकर उसके साथ मारपीट करता रहा।
इसी बीच नाबालिग ने चाकू निकालकर दानिश पर हमला कर दिया। चाकू का वार कान के पास लगा, जिससे उसे गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया है। फुटेज में मारपीट और चाकू से हमला करते हुए आरोपी साफ नजर आ रहे हैं।
अरेरा हिल्स पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नाबालिग हाल ही में जेल से छूटकर आया था। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

