हरिद्वार,15 दिसंबर (आरएनएस)। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के गांव पदार्था स्थित वन गुर्जर बस्ती में हाथियों के झुंड ने किसानों की गन्ना, गेहूं और पशु चारे की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने करीब 30 खेतों की फसलें तहस-नहस कर दीं। इधर, किसानों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए ठोस कदम उठाने के साथ मुआवजा भी मांगा है। पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड गंगा पार जंगल से निकलकर मिस्सरपुर, पंजनहेड़ी, जियापोता, अजीतपुर, बिशनपुर, कुंडी, रानीमाजरा, चांदपुर, कटारपुर, फेरूपुर, पदार्था, गुर्जर बस्ती और नसीरपुर कलां के खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। किसान लगातार वन विभाग को सूचना दे रहे हैं और गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, ताकि जान-माल का नुकसान न हो। किसान मसरुद्दीन, नूर जमाल, लियाकत, धुम्मन, गामा, इमाम हुसैन, सद्दाम, अलफू, जुम्मन, नवाबुद्दीन, अशरफ काकी और बशीर मास्टर ने बताया कि शनिवार रात करीब सात हाथियों का झुंड गुर्जर बस्ती के खेतों में आ धमका और फसलों को रौंद दिया। किसानों की सूचना पर वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर फसलों के नुकसान का निरीक्षण किया और रिपोर्ट तैयार की। फसलों का निरीक्षण कर उचित मुआवजा दिया जाएगा। क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है। हाथियों को आबादी वाले इलाकों में जाने से रोकने के लिए गहरी खाई खोदी जाएगी। -हरीश वालिया, उप वन क्षेत्र अधिकारी, पथरी
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

