रुड़की,15 दिसंबर (आरएनएस)। नगर निगम की ओर से सोमवार को सिविल लाइंस में यूसीसी विवाह पंजीकरण के लिए लगाए गए शिविर में नेट नहीं चलने से लोग परेशान रहे। शाम तक जब नेट नहीं चला तो लोग बिना पंजीकरण कराए ही लौट गए। शिविर में एक भी पंजीकरण नहीं हुआ। यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण को लेकर नगर निगम की ओर से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। निगम की ओर से लगातार यूसीसी विवाह पंजीकरण के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। नगर निगम की टीम वार्ड-वार्ड जाकर यह शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। शिविर को लेकर प्रचार प्रसार भी जमकर किया जा रहा है। शिविर में पहुंचकर लोग यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण करा रहे हैं, लेकिन साइट ठीक न चलने की वजह से काफी परेशानी हो रही है। सोमवार को नगर निगम ने सिविल लाइंस में पार्षद आकाश जैन के आवास पर यूसीसी पंजीकरण शिविर लगाया गया। शिविर में सुबह से ही लोग जरूरी दस्तावेज लेकर पंजीकरण के लिए शिविर में पहुंचे, लेकिन साइट न चलने की वजह से लोग निराश वापस लौट गए। पूरा दिन कर्मचारी शिविर में लैपटॉप लेकर बैठे रहे, लेकिन साइट नहीं चली। जिससे शिविर में पंजीकरण नहीं हो पाया। यूसीसी के सब रजिस्ट्रार गिरीश चंद सेमवाल ने बताया कि यूसीसी विवाह पंजीकरण के लिए शिविर लगाया गया था, लेकिन साइट नहीं चल पाई। इससे लोगों को काफी असुविधा हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

