रुडकी ,15 दिसंबर (आरएनएस)। गवानपुर औद्योगिक क्षेत्र आज भी ट्रांसपोर्ट नगर की बुनियादी सुविधा से वंचित है। ट्रांसपोर्ट नगर न होने के कारण भारी वाहन हाईवे और औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों के किनारे खड़े किए जा रहे हैं, जिससे खासकर रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसको लेकर भगवानपुर औद्योगिक एसोसिएशन व ऑल इंडिया मोटर कांग्रेस ट्रांसपोर्ट कई बार उच्च अधिकारियों से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में करीब 416 छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां संचालित हैं, जिनमें लगभग एक से डेढ़ लाख श्रमिक कार्यरत हैं। प्रतिदिन लोडिंग-अनलोडिंग के लिए बड़ी संख्या में ट्रक व अन्य वाहन यहां आते हैं। ट्रांसपोर्ट नगर की व्यवस्था न होने से वाहन हाईवे पर खड़े रहते हैं, जिससे जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र के अंदर खड़े वाहनों से श्रमिकों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। इसके साथ ही क्षेत्र में टूटी सड़कों, जलभराव और नालियों के अभाव जैसी मूलभूत समस्याएं भी बनी हुई हैं। कुछ सड़कों का निर्माण फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा कराया गया है। भगवानपुर औद्योगिक संगठन के महासचिव गौतम कपूर ने बताया कि सभी मंचों पर मांग रखी गई है, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। ऑल इंडिया मोटर कांग्रेस ट्रांसपोर्ट के महासचिव आदेश सैनी ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के लिए भूमि चिन्हित होने के बावजूद मामला अब तक लंबित है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की मांग की है। ताकि समस्याओं का समाधान हो सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

