देहरादून,15 दिसंबर (आरएनएस)। पवेलियन मैदान में खेली जा रही 78 वीं लाल नेमी दास मेमोरियल फुटबॉल लीग चैंपियनशिप में सोमवार को ग्राफिक एरा एफसी और दून एलीट सॉकर एकेडमी के बीच मुकाबला खेला गया। एक तरफा रहे इस मैच में ग्राफिक एरा एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दून एलीट सॉकर एकेडमी को 5-0 से पराजित कर पूरे तीन अंक अर्जित किए। मैच की शुरुआत दोनों टीमों ने आक्रामक अंदाज में की और अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। ग्राफिक एरा एफसी की ओर से आयुष ने 42 वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद केसी ने 56 वें और 59 वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। 70 वें मिनट में जोएल ने चौथा गोल किया, जबकि 86 वें मिनट में बतिस्ता ने पांचवां गोल कर ग्राफिक एरा एफसी की जीत सुनिश्चित कर दी। मैच के दौरान फाउल प्ले के लिए रेफरी अंशुल बिष्ट ने दून एलीट सॉकर एकेडमी के खिलाड़ी अनंत को चेतावनी स्वरूप पीला कार्ड दिखाया। इसके बाद भी दोनों टीमों ने गोल करने के प्रयास किए, लेकिन कोई अतिरिक्त गोल नहीं हो सका और मैच 5-0 के स्कोर पर समाप्त हुआ। मंगलवार का मैच प्रतियोगिता के सुपर लीग का अगला मुकाबला मंगलवार को सी टी यंग्स एफसी और वुल्वस एफसी के बीच दोपहर 2 बजे से पवेलियन मैदान में खेला जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

