देहरादून,15 दिसंबर (आरएनएस)। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में चल रही नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर द ब्लाइंड-नागेश ट्रॉफी के ग्रुप-ए के लीग मुकाबलों की शुरुआत बड़े उलटफेर के साथ हुई। गत वर्ष की विजेता एवं मेजबान टीम आंध्र प्रदेश को उत्तराखंड ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने सोमवार को हुए अपने पहले ही मैच में एकतरफा और सशक्त प्रदर्शन के बूते 48 रन से शिकस्त दी है। टॉस जीतकर आंध्र प्रदेश ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया और उत्तराखंड को बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया। उत्तराखंड की ओर से कप्तान दीपक सिंह रावत एवं उपकप्तान अश्विनी शाह ने सधी शुरुआत की। कप्तान दीपक सिंह रावत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों में 83 रनों की शानदार पारी खेली। उपकप्तान अश्विनी शाह ने 30 गेंदों में 36 रन बनाए। उत्तराखंड ने 16 ओवरों में 146 रन बनाकर आंध्र प्रदेश के सामने 147 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आंध्र प्रदेश की टीम उत्तराखंड की सधी गेंदबाजी के सामने 16 ओवरों में 6 विकेट खोकर मात्र 99 रन ही बना सकी। कप्तान दीपक सिंह रावत को उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए ‘मैन ऑफ द मैचÓ घोषित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

