रुद्रपुर 17 दिसंबर (आरएनएस)। ऊधमसिंह नगर जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में घायल व मृतकों के मामलों में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए उपजिला मजिस्ट्रेट किच्छा को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर को सिडकुल थाना पंतनगर क्षेत्र में एक ऑटो-टेम्पो द्वारा स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक व उसके साथी द्वारा मारपीट व धमकी देने की घटना सामने आई थी। वहीं 7 सितंबर को किच्छा–रुद्रपुर मार्ग पर कार की टक्कर से साइकिल सवार नरपत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इसके अलावा 10 अक्तूबर को लालपुर क्षेत्र में टेम्पो की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। 16 अक्तूबर को पंतनगर गोल गेट के सामने चलती बस से उतार दिए जाने के दौरान लीला देवी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 20 अक्तूबर को पुलभट्टा क्षेत्र में ट्रक और बस की टक्कर में 12 वर्षीय किशन शाक्य की मौत हो गई थी। उपजिला मजिस्ट्रेट किच्छा गौरव पाण्डेय ने बताया कि इन घटनाओं से संबंधित कोई भी व्यक्ति अपना पक्ष, बयान या साक्ष्य 27 दिसंबर तक उनके कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

