रुद्रपुर 17 दिसंबर (आरएनएस)। मां नंदा देवी मंदिर सत्संग आश्रम (बारह घर), शांतिपुरी में बुधवार को दानपुर समाज कल्याण सोसाइटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांतिपुरी में प्रस्तावित तृतीय दानपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए सोसाइटी के प्रमुख सदस्य भूपेंद्र कोरंगा व देवेंद्र कोरंगा ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी तृतीय दानपुर महोत्सव 21 दिसंबर को मां नंदा देवी मंदिर प्रांगण, सत्संग आश्रम, शांतिपुरी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ सुबह 10 बजे दानपुर के प्रसिद्ध ढोल वादक हर राम की ढोल की थाप के साथ भव्य शोभायात्रा से होगा। कार्यक्रम में लोकगायक राकेश खनवाल, कुंदन कोरंगा, कमल मेहरा, नेहा कोरंगा, ललित कपकोटी सहित दानपुर के सीमांत गांवों की न्योली गायिकाएं पार्वती देवी व पुष्पा देवी अपनी प्रस्तुतियां देंगी। महोत्सव में पर्वतीय फल, अनाज, दालें, हस्तशिल्प तथा महिला समूहों द्वारा तैयार बहुउपयोगी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही दानपुरी भाषा, पारंपरिक वेशभूषा एवं झोड़ा-चांचरी जैसे लोकनृत्यों के माध्यम से दानपुरी संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में प्रेरणादायी कार्य करने वाले व्यक्तियों को दानपुर रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। बैठक में भगवती कोरंगा, दीवान सिंह, महेंद्र सिंह, भगत सिंह, नंदी देवी, गीता देवी, शांति देवी, जानकी देवी, पुष्पा देवी, प्रेमा देवी सहित महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

