लखनऊ 17 Dec, (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में जनता की जान के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। कफ सिरप के नाम पर नकली दवाएं और जहर बेचा जा रहा है और इसके पीछे सीधे तौर पर भाजपाई तंत्र की भूमिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जहरीली दवाएं सत्ता के संरक्षण में बाजार में उतारी जा रही हैं, जिससे आम जनता की जान खतरे में पड़ गई है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अवैध कारोबार और नशे का धंधा चरम पर है। अवैध कारोबारियों को सत्ता का खुला संरक्षण प्राप्त है और उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार व अवैध धंधों का पूरा साम्राज्य खड़ा हो चुका है। उन्होंने कहा कि ऊपर से लेकर नीचे तक सब लोग इसमें मिले हुए हैं। एक ओर भाजपाई भ्रष्टाचार के जरिए सरकारी बजट को लूट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नकली सामान और दवाएं बनाकर प्रदेश की जनता को ठगा जा रहा है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले अब कहां गायब हो गए हैं। नकली और जहरीली कफ सिरप के हजारों करोड़ के अवैध कारोबार पर सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में अराजकता चरम पर है, भ्रष्टाचार और लूट की पराकाष्ठा हो चुकी है। इतना बड़ा फर्जीवाड़ा प्रदेश ने पहले कभी नहीं देखा। भाजपा का भ्रष्ट सिस्टम जनता को बीमार और बेहाल बना रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में लोगों की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं और जनता को ढंग का इलाज तक नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों में मिलने वाली दवाओं की गुणवत्ता को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं, लेकिन सरकार आज तक इन सवालों का जवाब नहीं दे पाई। पूरे प्रदेश में नकली और जहरीली कफ सिरप खुलेआम बेची जाती रही, लेकिन सरकार ने दवा माफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जनता को लूटकर ये माफिया अपना साम्राज्य बढ़ाते रहे और सरकार तमाशबीन बनी रही। उन्होंने सवाल किया कि जनता की जान से खेलने वालों पर बुलडोजर क्यों नहीं चला।उन्होंने कहा कि भाजपा और माफिया एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। भाजपा सरकार में हर क्षेत्र में नए-नए माफिया खड़े हो गए हैं। कहीं भूमाफिया है, कहीं नकली दवा माफिया और कहीं अवैध लकड़ी माफिया प्रदेश में लूट मचाए हुए हैं। सत्ता और माफियाओं का यह गठजोड़ उत्तर प्रदेश को खोखला कर रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर सत्ता संरक्षण में चल रहे इस अवैध खेल को पूरी तरह खत्म कर देगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

